बुधवार, 21 नवंबर 2012

"लौट चलें"

आओ लौट चलें हम उसी मुकाम पे 
सदियों पहले मिले थे जिस मुकाम पे

करने लगी हो काम दुष्ट जादूगरनी के
ख्वाबों की शहजादी लगी थी उस मुकाम पे

कितनी  झुलसन है बूढ़े जिस्म में    
तेरी गेसुओं के साए थे उस मुकाम पे 

ख्यालों में गुम रहते थे हम एक दूसरे के
दिल-ए-ख्वाहिश थी तुम जिस मुकाम पे 

आहें भरते थे देख-देख राहों में तुम्हे   
हमदम बनाने की चाह थी उस मुकाम पे

लज्ज़त-ए-इन्तज़ार कभी मिला ही नहीं 
वक़्त पे आती थी लिए बहार उस मुकाम पे

जिम्मेदारिओं का बोझ है ज़िन्दगी के जंगल में 
दीन-ओ-दुनिया की फिक्र न थी उस मुकाम पे

हर तरफ छाई है तेज धूप उदासियों की
मिलन की चाँदनी थी उस मुकाम पे

मंज़ूर नहीं सूरत देखना तुझ बेवफा की
मोहब्बत थी हममे भी उस मुकाम पे 

उकता चले हैं हम इस तल्ख़ सफ़र से 
नहीं था कोई गिला उस मुकाम पे  

सदियों पहले मिले थे जिस मुकाम पे
आओ लौट चलें हम उसी मुकाम पे !!!
                                            --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव  

सोमवार, 19 नवंबर 2012

जुदाई का मौसम

अश्क बरसते हैं आँखों से जुदाई के मौसम में
डसते हैं तन्हाई के नाग जुदाई के मौसम में

        पहरों बातें किया करते थे हम जहाँ-तहाँ
        हर जगह याद आई जुदाई के मौसम में

                सब्र का बाँध तोड़ देते हैं नाफर्मादार अश्क़     
                यादों की बाढ़ आई जुदाई के मौसम में

                         इश्क की चासनी में लिपटी उसकी वो मीठी बातें
                        प्रीत की बात याद आई जुदाई के मौसम में
 
                                 जाने वो मुझे याद करता होगा या नहीं
                                 लब पे नाम है उसका जुदाई के मौसम में 

                                          ज़रूर याद आता होऊँगा मैं उसे बाद दिखने के
                                           सुकून इसी ख्याल से आया जुदाई के मौसम में

डसते हैं तन्हाई के नाग जुदाई के मौसम में
अश्क बरसते हैं आँखों से जुदाई के मौसम में !!
                                              ---- संजय स्वरुप श्रीवास्तव  

रविवार, 18 नवंबर 2012

आखिरी मुलाकात


वो आखिरी मुलाकात याद है मुझे  
मोहब्बत की जब हुई शाम याद है मुझे

किस अदा से उसने कहा था बाय      
वो आखिरी लफ्ज़ उसका याद है मुझे

किसे पता था यही है सफ़र आखिरी  
जुदा होने का वो पल याद है मुझे

मिल न सके हम फिर कभी उससे  
या खुदा तेरा कहर याद है मुझे

तनहा कर गया है वो तन्हाई में
उसकी शोहबत का हर लम्हा याद है मुझे

उससे इक मुलाकात का तलबगार हूँ मैं  
तंगदिली ज़माने की याद है मुझे 

मोहब्बत की जब हुई शाम याद है मुझे
वो आखिरी मुलाकात याद है मुझे  
                           ---  संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

कल शब्


ख्वाब में देखा तुझे कल शब्
ख्वाब में भी तकता रहा कल शब्
                  तू आकर चला गई तीर-ए-अदा
                  सुकून को तरसता रहा कल शब्
देखा तो पर बात हमारी न हो सकी
ख्वाब में भी तरस गया बात को कल शब्
                 दिखी तुम पिंजड़े में कैद बुलबुल की मानिंद  
                 ख्वाब में भी पहरे देखा कल शब्
देख के सोचा पूरी होंगी आज आरजुएँ 
खून-ए-आरज़ू टपकता रहा कल शब्
                 खिला गुल बनाना चाह था लेकिन
                 छू भी न सका मासूम कली कल शब्
ख्वाब में भी तकता रहा कल शब्
ख्वाब में देखा तुझे कल शब्  !!!  
                              ___ संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

शनिवार, 17 नवंबर 2012

"छोटी सी मुलाकात अपनी"


छोटी सी मुलाकात अपनी !
थोड़ी सी मधुर बात अपनी !!
           आये तुम मिले तुम  
           प्रेम किये तुम चल दिए तुम 
           बस इतनी सी कथा अपनी 
मिल कर प्यार किये हमने
दो-चार प्रीत की बात किये हमने 
दो पहर संग-संग बैठ लिए हमने
अधरों, कपोलों,अँखियों पर
कानों की लौ, ग्रीवा औ' हथेलिओं पर
कुछ चुम्बन धर लिए हमने
बांहों में सिमटने के मज़े लिए हमने
पति-पत्नी सा सुख लिए हमने
           याद तो आती होंगी तुम्हे भी वो
           हाथों में हाथों का स्पंदन
           सांसों में साँसों का घुलन
           दिल से मिले दिल की धड़कन
           होंठों से होंठों की छुवन   
           कानों पे दांतों की चुभन 
           जिव्हा से वो जिव्हा-चुसन  
याद तो मुझे भी आती है वो
अपने हाथों आइसक्रीम खिलाना तेरा
मेंहदी रची सलोनी हथेलियाँ दिखाना तेरा
रेस्तरां में ही निमंत्रण चुम्बन का देना तेरा
जाते-जाते अदा से बाय करना तेरा
कमर में डाल कर बांहें बैठना तेरा
स्वयं को सुन्दर न मानने का हठ तेरा
           यही है सौगात मोहब्बत की अपनी
           छोटी सी मुलाकात अपनी
संभव नहीं मिलना अब हमारा  
लग गया है प्यार पे पहरा
शिकायत नहीं कोई मुझे तुमसे  
तुम हो मजबूर
मैं भी हूँ मजबूर
चलो चलते हैं अब
एक दूसरे से दूर
तुम अपनी डगर
मैं अपनी डगर
फिर कभी मिले जो हम
फिर प्यार करेंगे हम
अधूरी रह गईं जो इच्छाएं
अतृप्त रह गईं जो तमन्नाएँ 
करेंगे उन्हें पूरा हम
            परन्तु नहीं मिल सके यदि हम
            देखेंगे जब भी पलट कर हम
            एक दूसरे को याद करेंगे हम
           इन दिनों की मधुर यादें
           यौवन के दर्पण में निहारेंगे हम
           गीत जो लिखे हैं हमने प्रीत के
           दिल ही दिल में गुनगुनायेंगे हम
क्या हुआ गर हुई
थोड़ी सी मधुर बात अपनी
छोटी सी मुलाकात अपनी !!
                        ---  संजय स्वरुप श्रीवास्तव 


बात नहीं होती


देख तो लेता हूँ पर बात नहीं होती
अब तो  रूबरू मुलाकात नहीं होती

लग गई हैं बंदिशें उस पे इस कदर   
दिल से दिल की बात नहीं होती 

अजीब तकदीर है मोहब्बत की भी 
लगते ही पहरे बात नहीं होती

ज़िन्दगी तल्ख़ हो चली है उस बिन  
कोशिशों बाद भी बात नहीं होती

कितने तंगदिल हैं दुनियावाले 
सीने में उनके ज़ज्बात नहीं होती

मिलती हैं पल भर को हमारी नज़रें  
इक लम्हे में तो सदियों की बात नहीं होती

जाने कैसा है वो उसका मिजाज़  
जानूँ  कैसे जब बात नहीं होती

आरज़ू है देखता रहूँ उस हसीं शै को
क्या हुआ गर कोई बात नहीं होती 

फोन की हर सदा पे सोचूँ  वही होगी
क्या करूँ फोन पे भी बात नहीं होती

दे कर उसे फिर छीन लिया मुझसे
या रब ये तो कोई सौगात नहीं होती

अब तो  रूबरू मुलाकात नहीं होती
देख तो लेता हूँ पर बात नहीं होती
                            --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

मंगलवार, 16 अक्टूबर 2012

** बदलाव **

इस कदर बदल सकता है कोई सोचा न था
बेहयाई बेवफाई का ऐसा मंज़र देखा न था!
                वो  जो बेचैन रहते थे दीवानों की मानिंद
                बदल जायेंगे मौसम की तरह सोचा न था!
पाक़ मोहब्बत की देने वाले दुहाई 
बदनाम कर जायेंगे इश्क को सोचा न था!
                इक़-ब-इक बदल चुका है सब कुछ
                ये दिन भी आएगा सोचा न था!
दिल से चाहने की सजा होगी ऐसी
ऐ खुदा मेरे लिए तो ये दोजख न था!

               बेहयाई बेवफाई का ऐसा मंज़र देखा न था,
               इस कदर बदल सकता है कोई सोचा न था!!
                                                  --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

सोमवार, 9 जनवरी 2012

मिल गई मनमीत

"****" से हो गई है प्रीत
मिल गई है मुझे मनमीत
                    आया इक झोंका पवन का
                    लाया सौगात मधुबन का
                    बिछा गया गलीचा कलियों का
                    भला कर गया मेरे मन-आँगन का
                    दूर कर गया रीतापन दामन का
कितनी अच्छी है प्रेम की ये रीत
"****" से हो गई है प्रीत ......
                    चलते-चलते जीवन के पथ पर
                    आ मिले हैं उस हसीं से इस मोड़ पर
                    कुछ पल तक जीवन-सफ़र होगी वो
                    कुछ दूर तक संग-संग चलेगी वो
                    बिखेरेगी सुगंध तन-मन की वो
                    एक नवगंध भरेगी जीवन में वो
                    मनमुग्ध करेगी  बतियन से वो
फिर गमक उठे हैं मेरे गीत
"****" से हो गई है प्रीत ......
                    दो पल की है ये प्रीत शायद
                    कुछ दूर का है ये साथ शायद 
                    मोड़ अगला ज़ल्द आयेगा शायद
                    दूर मुझसे उसे ले जायेगा शायद
                    चलना होगा मुझे उसे छोड़ कर 
                    जीवन का है ये सच मान कर 
कितनी अजीब है जीवन की ये रीत 
"****" से हो गई है प्रीत
मिल गई है मुझे मनमीत !!
                             --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव

         
                    

मंगलवार, 20 दिसंबर 2011

आंसू हो गई ज़िन्दगी

क्या सोचा और क्या हो गई ज़िन्दगी
मुस्कान से टपका आँसू हो गई ज़िन्दगी

नींद भरी है आँखों में पर नींद नहीं आती
कडुवाहट भरी नींद हो गई ज़िन्दगी


कहते हैं गुज़रा वक़्त नहीं लौटता कभी
काश फिर शुरू कर पाता गई ज़िन्दगी


पास हो के मेरी नहीं है वो
आह कितना छल गई ज़िन्दगी


सब कुछ लगता है पराया-पराया सा
जो नहीं चाहा था वो हो गई ज़िन्दगी


सज़ावार हूँ गुनाहगार हूँ तेरा मैं
बक्श दे मुझे तनहा ऐ ज़िन्दगी


गुज़रा हुआ कल ख्वाब लगता है इक
सोचता हूँ हाथ बढ़ा छू लूँ तुझे ज़िन्दगी


चैन की नींद सो रहा है वो मेरे बाजू में
इक मैं ही तुझे सोच रहा हूँ ज़िन्दगी 

मुस्कान से टपका आँसू हो गई ज़िन्दगी
क्या सोचा और क्या हो गई ज़िन्दगी
                             --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

सोमवार, 19 दिसंबर 2011

क्या से क्या

ज़िन्दगी क्या से क्या हो गई है
ये तो उसकी तरह बेवफा हो गई है

सोचा था फूलों की तरह महकेगी ज़िन्दगी
ये क्या हुआ ये तो इक जेलखाना हो गई है

हर तरफ उदासियों औ' सन्नाटे का आलम है
ज़िन्दगी कितनी बदमज़ा हो गई है

अपनी करतूतों की सजा भुगत रहा हूँ
ज़िन्दगी तो अब ज़हन्नुम हो  गई है

वो आज मेरे पहलू में मौजूद है मगर 
हमारे दरमियाँ  कितनी दूरियाँ हो गई हैं

अबसे पहले तो ऐसा कभी न हुआ था
हमारी ख़ामोशी कितनी लम्बी हो गई है

ये तो उसकी तरह बेवफा हो गई है
ज़िन्दगी क्या से क्या हो गई है
                     --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव






शनिवार, 10 दिसंबर 2011

दिल में ज़ज्ब

हर गम को दिल में ज़ज्ब करता चला गया
उसकी खातिर खुद को मारता चला गया

बेवफाई कर के उसका दावा इश्क है मुझी से
इस फरेब पर भी यकीन करता चला गया


किससे कहूँ अपनी बातें हल्का करूँ दुःख कैसे 
अपनी गजलों को हमराज़ बनाता चला गया


कितनी आरजुएँ कितनी उमंगें थी दिल में
उसकी बेवफाई में सब डूबता चला गया


मेरे ही दिल की टूटी किरचें पड़ी हैं राहों में
इनसे बचने की कोशिशें करता चला गया


उसने मुझे नहीं किसी और को चाहा किया
अपने आहत मन को सहलाता चला गया 

उसकी खातिर खुद को मारता चला गया
हर गम को दिल में ज़ज्ब करता चला गया
                                  --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 



शुक्रवार, 4 नवंबर 2011

गम के साये

ज़िन्दगी में गम के साये पलने लगे हैं
उसकी बेवफाई से हम सुलगने लगे हैं

                   हमने सोचा था वो सिर्फ हमारे हैं
                   वो तो गैरों के भी होने लगे हैं

कितना दिलकश था जीवन का रंग
इनमें खून-ए-दिल  घुलने लगे हैं

                 सब कुछ खुशनुमां खुशनुमां था 
                 बेवफाई से कब्रिस्तान बनने लगे हैं

देखो ज़रा मेरी  किस्मत के लेख
जिन्हें दिया प्यार वो दगा देने लगे हैं

                 चाहत है मोहब्बत भरी ज़िन्दगी की
                 कैसे हो मुमकिन हम ये सोचने लगे हैं 

उसकी बेवफाई से हम सुलगने लगे हैं
ज़िन्दगी में गम के साये पलने लगे हैं
                                  --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 



पता नहीं

उतार दे जहर 
जब कोई किसी के दिल में
कैसे संभाले
भला कोई
स्वयं को ऐसी हालत में
कोई
भला क्या जाने
उसके दिल की हालत
जिसकी दुनिया
लुटाई
उसी की दुनिया ने
कोई ज़रा बैठ कर तो देखे
ग़मों की भीड़ में
ऐसे में गम 
बढ़ते ही जाते हैं
गम भी हमें
कितना सताते हैं
कितना रुलाते हैं
कितना छलते हैं
हर पल जी होता है
मर जाएँ मिट जाएँ
ये दुनियां ही छोड़ जाएँ
ये गम ये दुःख ये पीड़ा
क्यूँ होती है
संभवतः
स्वयं को सीमाओं में बांध लेना ही
कारण है इन सबके
तो फिर
ये सीमायें क्यूँ बंधी हैं
हम
इन सीमाओं से
क्यूँ बांध जाते हैं
सोचो कि
हम यदि ऐसा करेंगे तो
वो भी ऐसा करेगा
हम यदि ऐसा नहीं करेंगे तो
वो भी ऐसा नहीं करेगा
करना भी चाहेगा
तो
ईश्वर उसे रोकेगा
परन्तु स्वयं के न  करने पर भी
दूसरा कर जाता है
तो
कौन गलत है ?
न करने वाला ?
करने वाला ?
या
ऊपर वाला ?
हँसना, हँसना, हँसना ....
ही उत्तर है इसका
ऐसे में 
यदि चाहो तो भी
नहीं निकलते आँखों से आंसू
हरसंभव प्रयत्नों के बाद भी
निकलते भी हैं तो तेजाब की तरह
शायद दिल में उतरा ज़हर
आंसुओं को भी
तेजाब बना देता हो
लेकिन
प्यार में तो 
जैसे को तैसा 
जरुरी नहीं
मैं 
कैसे उसे प्यार करना 
छोड़ दूँ
वो तो मेरी ज़िन्दगी है
वो मेरी ज़रूरत है
वो कुछ भी करे मेरे संग
मैं तो
करता रहूँगा वफ़ा
उसके संग
स्वयं तो जलता रहूँगा
पर उसे
अपनी आँच से भी बचाए रखूँगा
पता नहीं वो
मेरे प्यार को अब भी
आदर दे सकेगी या नहीं
पता नहीं वो अब भी
मुझसे वफ़ा कर सकेगी या नहीं
या
यूँ ही मुझे उम्र भर
सजा दे-दे कर
सताती रहेगी
रुलाती रहेगी ....
                --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव


बुधवार, 26 अक्टूबर 2011

खाक कर डालें

यही है गर ज़िन्दगी तो इसे खाक कर डालें
दुखी करती हैं गर सोचें तो उसे जला डालें

इस शहर का हर बाशिंदा बेवफा हो चला है
आओ इस शहर में हम कत्लेआम मचा डालें

ज़ेहन में ज़हर भर जाता है दुनिया की रवायतों से
अब क्यूँ न हम खुद को नीलकंठ बना डालें

किसी को क़द्र नहीं अब किसी के पाक ज़ज्बातों की
ऐ दोस्त आओ हम खुद को भी औरों जैसा ही बना डालें

किससे कहें ज़ज्बात-ए-दिल कोई सुनता ही नहीं
आओ ऐसा करें गजलों को हमराज बना डालें

दुखी करती हैं गर सोचें तो उसे जला डालें
यही है गर ज़िन्दगी तो इसे खाक कर डालें
                        ------- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 











गुरुवार, 15 सितंबर 2011

ये जिंदगी

कैसे कैसे रंग दिखाती है ज़िन्दगी
पा के सब कुछ खो देती है ज़िन्दगी !

अकेले ही आई तनहा रह गई ज़िन्दगी
पलक से टपका अश्क हो गई ज़िन्दगी !

बड़े शौक से बनाया उसे अपनी ज़िन्दगी
दिल का आशियाँ उजाड़ गई ज़िन्दगी !

भरी हुई है उसकी यादों से ये ज़िन्दगी
लम्हा-लम्हा रोती रहेगी ताउम्र ज़िन्दगी !

क्यूँ नहीं पा सकी रअनाइयाँ ज़िन्दगी
सुबहोशाम रिसती रहेगी  ये जिंदगी !
                              ---- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

रविवार, 4 सितंबर 2011

तेरी तो यही मंजिल है

अब और कहाँ जायेगा ऐ दिल तेरी तो यही मंजिल है
जो तूने चाहा है वही तो खुदा की नियामत वो दिल है

रख दी है अपनी ज़िन्दगी जिसके पैरों तले तूने
कोई और नहीं तेरी महबूब ही वो कातिल है

बारहा समझाया तुझे बदल ले तू खुद को ही
ऐ दिल लगता है तू खुद ही बहुत काहिल है

क्यों नहीं करने देता तू उसे उसकी मनमर्जी की
तू समझ ले वो तो घूमता फिरता एक बादल है

मोहब्बत है बलिदान, समर्पण का एक पर्याय
तू वही करता चल जो कहता उसका दिल है

जो तूने चाहा है वही तो खुदा की नियामत वो दिल है
अब और कहाँ जायेगा ऐ दिल तेरी तो यही मंजिल है
                                       --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव


क्यों

दिल
बहुत परेशां है आज !
मन
बहुत संत्रस्त है आज !
जब भी सुनता हूँ
दुनिया की बातें
जब भी देखता हूँ
लोगों के आचरण
जाने क्यों
मन मेरा
क्षुब्ध हो उठता है
मुझे लगता है
जैसे
ये सब मेरे संग ही हो रहा है
ये सब मैं ही भुगत रहा हूँ
इन्सान
आखिर किधर जा रहा है
हमारी मर्यादाएँ
हमारी संस्कृति
कहाँ खोती जा रही हैं
क्यों नहीं
दर्शन होते अब
सच्चे प्रेम के ?
क्यों नहीं
मिलते हैं अब
निष्ठावान लोग ?
क्यों
ख़ुशी का आभाष करते हैं
दूसरों को धोखा दे कर ?
क्यों प्रसन्न होते हैं लोग
अपनी ही बातें
अपनी ही आदतें
अपनी तरह जी कर ?
क्यों नहीं जी पाते
लोग
दूसरों के लिए ?
क्यों नहीं समर्पित
हो पाते किसी एक के लिए ?
क्यों ऐसा होता है कि
भटकते रहते हैं लोग
एक डगर से दूसरी डगर ?
क्या मिलता है उन्हें
इस बेवफाई से ?
क्यों नहीं देते प्रतिफल
लोग
किसी की वफ़ा को वफ़ा से ?
क्यों नहीं चाहते लोग
जीवन में 
किसी एक को ?
क्यों नहीं जीते मर जाते
लोग
किसी एक के निमित्त ?
क्यों नहीं रमाते लोग
किसी एक में
अपने चित्त ?
लोगों की बातें
लोगों की हरकतें
देख सोचता हूँ
क्या
सभी चरित्रहीन हो चुके हैं
क्या
सभी भावनाशून्य हो चुके हैं ?
एक ही समय
सम्बन्ध रखना
अनेकों के संग
क्या यही प्रेम है ?
जीवन में
हर किसी से हर कहीं
बना लेना शारीरिक सम्बन्ध
क्या यही प्रेम है ?
नहीं --
ये प्रेम नहीं है !
ये तो पराकाष्ठा है
चरित्रहीनता की
अन्तिमता है
नैतिक पतन की !
फिर
क्यों संज्ञा देते हैं लोग
इसे प्रेम की
क्यों कहते फिरते हैं
हर किसी से लोग
" आई लव यू "
क्यों भंग करते हैं
पावनता लोग प्रेम की ?
क्यों नहीं ढूंढ लेते लोग
कोई अन्य अलंकरण
अपने कृत्य की ?
मुझे तो लगता है
यहाँ
हर औरत हर पुरुष
वेश्या हो चला है
इनमें जो बचा है
वो इनके आगे
असहाय हो चला है
यहाँ अब कोई मूल्य नहीं
भावनाओं की, एकनिष्ठा की
प्रेम की, विचारों की, त्याग की
समर्पण की, चाहत की, ईमानदारी की
परन्तु
क्यों लिख रहा हूँ ये सब
मैं ?
दुनियां की बातों से क्यों
दुखी हो उठता हूँ मैं ?
क्यों इतना भावुक
हो उठता हूँ अधिकतर
मैं ?
मैंने तो जो चाहा था
वो पाया है
अपनी प्रियतमा में
सोचता हूँ
कितना भाग्यशाली हूँ
मैं ?
                       --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

शुक्रवार, 2 सितंबर 2011

"वो" आयेगी

"वो" आयेगी
रंग हकीकत के
मेरे सपनों में भर जाएगी
डाल कर
अंखियों में मेरे अँखियाँ अपनी
वो
मदिरा पिला जाएगी
वो आयेगी
मैं फैला दूंगा बाँहें अपनी
उसके स्वागत में
वो समा जाएगी 
इनमें यूँ जैसे 
तरस रही हो इसके लिए
मुद्दत से
मैं चूमुंगा उसे
वो चूमेगी मुझे
मैं तप उठूँगा
वो तप उठेगी 
प्रेम-अतिरेक से
मैं मदहोश हो उठूँगा
उसके कायिक सुगंध से
वो आएगी 
मुझसे प्यारी-प्यारी
बतियाँ करेगी 
मुझे प्यार को तरसाएगी 
मैं डूबा रहूँगा 
उसकी मीठी-मीठी बतियों में 
खोया-खोया रहूँगा
उसकी नशीली अंखियों में
उसके हाथों की थिरकन 
जादू कर जाएँगी
मेरे तन-मन में
उसके अधरों की शाह्तूती  फांकें 
अतृप्त इच्छाएं मेरी
भडकायेंगी छन-छन में
वो आएगी
मैं चिपका रहूँगा
दूरभाष से
जाने कब कर बैठे 
वो संपर्क मुझसे
दूरभाष से
मैं उसे अपनी सुनाऊंगा
कुछ उसकी सुनूंगा
औ बाकी स्वयं  कह जाऊंगा
उसे
अपने प्रीत का आभास कराऊंगा
एक-एक वस्तु
जो की है मैंने एकत्र
उसके लिए
देकर उसे उसे मैं
आश्चर्य से भर दूंगा
औ'
उसके भोले चेहरे की
निखार निहारूंगा
वो मुझे चूम लेगी
अति  आनंद से
उसके गाल  आ  टिकेंगे 
मेरे काँधे पे
अति  प्यार से
वो मुझसे लिपट जाएगी
प्रेमातिरेग से
"वो" आएगी
मुझ पर प्यार अपना
लुटायेगी
बरस जाएगी मुझ पे
सावन की
बेक़रार बदली की तरह
मुखड़ा छुपा लेगी वो
मेरे सीने में
बादलों में  छुपते
चाँद की तरह
वो मुझे बताएगी
विरह काल की बातें
ख़ाली-ख़ाली, सूनी-सूनी
रातों की बातें
अपनों की, परायों की
घर की, बाहर की
मीठी-खट्टी बातें
वो बताएगी
अपनी भी "गुप्त-अन्तरंग"
प्यारी नशीली बातें
वो कुछ भी नहीं छुपाएगी मुझसे
वो सब कुछ निःसंकोच
कह जाएगी मुझसे
मेरा भी "उदर" फूल रहा है
बातें ढेर एकत्र होने से
मैं भी उगल दूंगा सारे
उसके स्वर्नेन्द्रियों में
सोचता हूँ क्या कहूँगा उससे
मैं "ये" कहूँगा उससे
मैं "वो" कहूँगा उससे
नहीं ...... नहीं ........
मैं सब कुछ कह दूंगा उससे
वो घूरेगी मुझे
आँखें तरेरेगी मुझे
विस्मय दर्शाएगी मुझे
प्यार भी करेगी मुझे
बातों-बातों में
योजना बनायेंगे साथ-साथ
कैसे रहेंगे, कैसे जियेंगे
हम
दांपत्य जीवन में !
"वो" आएगी
संग-संग टहला करूँगा 
मैं उन्हीं
पुरानी जानी-पहचानी राहों में
"वो" आएगी
मेरे दिन रंगीन हो जायेंगे
मेरी रातें श्रृंगारित हो उठेंगी
मेरे इर्द-गिर्द की हवाओं में
सुगंध उसकी ताजगी
भर जाएगी
परन्तु
वो शायद मुझको समय
नहीं दे पायेगी उतना
कहने, सुनने, करने को काफी हों
बातें ये जितना
दिन फिर पंख लगा कर उड़ जायेंगे
रातें फिर चुपके से सरक जाएँगी 
एक बार फिर
हमारी बातें पूरी नहीं
हो पाएंगी
हम मन मसोस 
रह जायेंगे
एक बार पुनः
हमारे अरमान अधूरे
रह जायेंगे
हम मिल कर भी
ना मिलने जैसा गम 
मनाएंगे
तदापि
मुझे प्रतीक्षा है उसके आने की
क्योंकि
पल भर को ही सही
"वो" आएगी
रंग हकीकत के कुछ
मेरे सपनों में
भर जाएगी  !!!
                   ---- संजय स्वरुप श्रीवास्तव








 

शुक्रवार, 5 अगस्त 2011

स्वप्न

एक स्वप्न
देखा करता था
किशोरावस्था से ही मैं
एक मूरत
संजोया करता था
अपनी सजनी की
अपनी कल्पनाओं में मैं
प्रायः सोचता था
असंभव है मिलना
मेरी कल्पना सी
जीवन-संगिनी का
पर
मैं तो
अचंभित हूँ
देख कर उस सलोनी को
जो
कर गई है घायल मेरे दिल को
साकार रूप है वो
मेरी कल्पनाओं की
अदभुत कृत्य है वो
सृष्टि रचयिता ब्रह्मा की
वो तो दिखती है किसी देवपरी सी
सपनों की सुन्दर राजकुमारी सी
लुटाती रहती है वो मुझ पर
अपना प्रेम-धन
अति सहृदयता से
झुलाती रहती  है मुझको बैठा कर
अपने प्रीत-हिंडोले पर
वो प्रचंड वेग से
जब-जब होता हूँ मैं सन्निकट उसके
छलकता रहता है प्रेम
उसके हिय-घट से
परन्तु
जब मैं नहीं होता निकट उसके
बंद कर लेती है हिय-मुख
वो इतनी दृढ़ता से
कि
छलक न जाये
इधर-उधर एक बूँद भी  
चुरा न ले कोई 
उसमें से एक बूँद भी 
तभी तो
सुदूर बैठा 
तरस जाता हूँ मैं भी
तकता रहता हूँ
चकोर की तरह
प्रेमवर्षा की आस में 
उस चाँद को मैं भी
अब तो
प्रफुल्लित है मन मेरा
पाकर सानिंध्य उसका
सुवासित हवा के झोंकों सी
नव-जीवन भर गई है वो
मेरे दिल की बगिया में
पूछते हैं लोग मुझसे
कैसी है वो
क्या कहूँ कैसी है वो
ठीक मेरी कल्पना सी है वो
वही हंसिनी सी लचकती चाल
कांधों पे अठखेलियाँ करते बाल
नासिका पे "मैं" सा लगता तिल
प्रेम से छलकता हुआ दिल
प्रीत-सन्देश देती हुई नज़र
बांहों में मचलने को आतुर कमर
सुनो तो
क्या कहती है वो हिरनाक्षी
अपना ही
बनाये रखना चाहती है वो
मुझमें ही
समाये रहना चाहती है वो
उसकी बातें हैं इसकी साक्षी
कहती है -
आप सिर्फ मेरे हैं सिर्फ मेरे
मैं सिर्फ आपकी हूँ सिर्फ आपकी
उसकी ये बातें
बढ़ा देती हैं धड़कने मेरे दिल की
छेड़ जाती हैं तारें मेरे हिय की
मैंने कहा --
पूर्व जन्म के हैं प्रेमी हम
साथ जियेंगे साथ मरेंगे
आ ले लें संग-संग
ये कसम प्यार में हम
मैं हूँ तुम्हारा
मेरा प्यार है तुम्हारा
ये चाहत तुम्हारी
मेरी भावनाएं तुम्हारी
मेरी सोचें तुम्हारी
मेरे जीवन की हर ख़ुशी तुमसे
कभी न बंटेंगे
ये सभी इस सृष्टि में किसी से
किन्तु
मैं दुखित हूँ
मैं चिढ़ा हुआ हूँ
ईश्वर से
क्यों मिलाया उसने मुझे
उससे
इस जनम में भी इतने विलम्ब से
क्यों
भटकाता रहा वो मुझे
जीवन के उन स्वर्णिम
पलों में
इधर-उधर दूर
उसके सानिंध्य से
सोचता हूँ--
कितना अच्छा होता
यदि
वो मुझसे मिलती
किशोरावस्था में
अनगिनत इन्द्रधनुषी रंग
बिखर जाते
मेरे उन रिक्त क्षणों में
तदापि
कुछ तो सुखद शांति है
रंग है, उल्लास है, उमंग है
उसके आ जाने से
जीवन की
इस ढलती संध्या-बेला में
ऐ ईश्वर !!
मैं आभारी हूँ तेरे इस
अल्प-कृपा पर
परमपिता
अब से रखे रहना
अपने आशीर्वाद-हस्त
हमारे संयुक्त सर
औ'
दांपत्य जीवन पर
हे विष्णु-लक्ष्मी !!
हमारा भी दांपत्य जीवन
हो
अक्षुण, अमर, एकनिष्ठ
ठीक आपकी तरह
हम भी
जब भी जन्म लें
एक दूसरे को पायें
पति-पत्नी के रूप में
ठीक आपकी तरह .....
              ---  संजय स्वरुप श्रीवास्तव