शनिवार, 16 जुलाई 2011

अपमान

कितना दुखित है
मन मेरा आज
स्वयं के कृत्य पर
ग्लानि हो रही है
मुझे आज
स्वयं के धृत्य पर
स्वयं को गिरा लिया है
मैंने
अपनी ही दृष्टि में
क्या मुझ सा सडा हुआ
होगा कोई
इस ब्रह्म-सृष्टि में
आश्चर्य होता है मुझे
अपनी अभीप्साओं पर
शर्म आती है मुझे
अपनी चेष्टाओं पर
क्या इतनी आवश्यक
हो चुकी हैं
ये सब मेरे लिए
कि
छुद्रतम मानव की भाँति
किया व्यवहार
मैंने इनके लिए
क्यों किया मैंने ये सब
किसी की इच्छाओं के
विपरीत
क्या-क्या न कहा उसने
किस-किस तरह न किया
अपमानित उसने
वादों और कसमों की
चिता पर
लिटा ही तो दिया उसने
क्यों हुआ ये सब
किसलिए हुआ ये सब
किसके कारण हुआ ये सब
क्या इनके मूल में मेरी
ये घृणित इच्छाएँ
नहीं हैं
क्या इनके दमन का साहस
मुझमें नहीं है
पता नहीं क्यों कैसे
सर उठा लिया करती हैं
मेरे मन में
कुत्सित इच्छाएँ
इस तरह कि
आग सी लगा देती हैं
ये मेरे मन में
टूटन पैदा कर देती हैं
ये मेरे उसके सम्बन्ध में
क्यों होता है आश्चर्य मुझे
मृत देख कर स्वर्ण-मृग को
राम की तरह क्या मुझे नहीं पता
उस छलनामयी के पीछे
खो देना है अपने ही
" कुछ " को

क्यों नहीं रख पाता
वर्जनाओं में
अपने मन को-
क्यों अभीप्सा रहती है
सर्वदा उसे
अंकशायिनी बना लेने को
कितना कमजोर हूँ
कितना घृणित हूँ
कितना असयमित हूँ
समझ में आज
आ ही गया मुझे
क्यों नहीं इतना
सुदृढ़ निर्मित करता
मैं स्वयं को--
कि
एक क्या अनेकों ठोकरों से
असरहीन रख सकूँ
मैं स्वयं को
अब अपनी आंसुयें दिखाने से
भला क्या लाभ
टूटे हुए कांच से आइना
बनाने से क्या लाभ 

            --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

शुक्रवार, 15 जुलाई 2011

कहाँ यहाँ

साथ देने का वादा निभाने वाले कहाँ यहाँ
मैं तो रह गया हूँ आज तनहा यहाँ


क्यूँ बसाया था ख्वाबों को इस बस्ती में
चुभने लगी हैं टूटी किरचें ख्वाबों की यहाँ


क्यूँ उम्मीदें कर लेता हूँ मैं हर किसी से
जब बिखरे हुए हैं ये बेमुरव्वत वहाँ-यहाँ


टूटे हुए को और तोड़ने की आदत है सभी की
हर कोई क्यों है इतना संगदिल यहाँ

किसी को नहीं मालूम मायने इश्क के
सिखाने वाला क्या कोई नहीं रहा यहाँ


मैं और वो सभी करते हैं फरेब इक दूजे से
क्या कोई नहीं रहा इन सबसे अलग यहाँ

पलट कर देखने की जुर्रत करूँ भी कैसे
टपकी हुई हैं खून-ए-आरजू वहाँ से यहाँ


मैं तो रह गया हूँ आज तनहा यहाँ
साथ देने का वादा निभाने वाले कहाँ यहाँ

                               --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव

जीवन की डगर

आज भी
खड़ा हूँ वहीं मैं
खड़ा था जहाँ
कल मैं
जीवन की डगर पर चलते हुए
आ गया हूँ मैं
इस चौराहे पर
चतुर्दिश दिखते हैं
रास्ते ही रास्ते
परेशां हूँ, हैरान हूँ
मंजिल की तलाश में हूँ
कौन सा रास्ता है वो
जिस पर चल कर मैं
पहुँच सकूँगा मंजिल तक
सदा मैं इसी चौराहे से
करता हूँ प्रारंभ यात्रा
किसी एक रास्ते से
पा कर निमंत्रण मंजिल से
किन्तु,
वाह रे दुर्योग !!
किसी भी पथ पर
नहीं मिलती
मुझे मंजिल मेरी
अंततः
वापस यहीं आना होता है
मुझे
निराश, हताश, परिश्रान्त
क्या करूँ
थमा-बैठा भी तो नहीं जाता
मुझसे
सदा चलते रहने की आदत
जो है मुझे
सोचता हूँ
क्या दोष मेरा है जो
यथोचित डगर ढूँढ नहीं पाता
मैं ??
अथवा
दोषी ये पथ हैं जो
सदा भटकाते ही रहते हैं
मुझे ??
भला -
कब तक साथ देते रहेंगे
ये मेरे अंग मेरा
मेरी इन व्यर्थ की यात्राओं में
क्या कभी मैं अपनी मंजिल
तक पहुँच भी सकूँगा
क्या है ऐसी कोई डगर
जो पहुंचा सके मुझे
मेरे गंतव्य तक
ऐसा भी हुआ मेरे साथ
बारम्बार
पथ-मध्य ही समझ गया
कि ये राह नहीं है मेरे हित की
पर फिर भी चलता ही रहा
चलता ही रहा
मैं
क्योंकि
पहचानना चाहता था
अच्छी तरह इन रास्तों को
मैं
जिससे पुनः न धोखा खाऊ
उनसे मैं !!

          --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव

सोमवार, 11 जुलाई 2011

शतरंज

बहाने बनाने लगी है अब वो मुझसे
शायद सोच लिया है दूर होने को मुझसे


तेवर बदल गए हैं इन दिनों उसके
ऊब गई है शायद वो अब मुझसे

वादे कसमों मोहब्बत की गोटियों से
शतरंज खेलती रही है वो मुझसे

अपनी ज़वानी की खाली वक्तों को
किस खूबी से उसने भरा है मुझसे

हर अफसाने का अंजाम यही होता है
बेवफाई की रस्मे करने लगी है मुझसे

अब अगर तुल गई है बेवफाई को तो
कैसे रह सकती है आशनां वो मुझसे

चुभोने लगी है अब तानों के नश्तर वो
खुदाया क्या तरीका है दूर होने का मुझसे


शायद सोच लिया है दूर होने को मुझसे
बहाने बनाने लगी है अब वो मुझसे

                           --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव

शनिवार, 9 जुलाई 2011

ख़त

इक ख़त लिख रहा हूँ हमनशीं तुझे
इश्क का पैगाम भेज रहा हूँ दिलनशीं तुझे


कितनी हसरतें मचल रही हैं मेरे दिल में
कुछ आरजुएं लिख रहा हूँ महज़बीं तुझे


पुरकैफ हवाएं टपकती बारिश की बूंदे
दिल इस बहार में ढूँढ रहा है तुझे

जाने कितने सावन गुज़ारने होंगे अभी
दिल तड़प-तड़प याद करता है तुझे


क्या कहूँ कहाँ-कहाँ तू आबाद है सनम
ख्वाबों ख्यालों मंदिरों में पाया तुझे


तू भी हैरान होती होगी मेरी दीवानगी पे
जहाँ में अपने इश्क के काबिल पाया है तुझे


तेरी जादुई आवाज़ औ  गमकते खतों की बाबत
अब और कितना हाल-ए-इंतजार लिखूं तुझे


इश्क का पैगाम भेज रहा हूँ दिलनशीं तुझे
इक ख़त लिख रहा हूँ हमनशीं तुझे
                            --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव

तेरा ख्याल

अभी अभी तेरा ख्याल आया है दिल में
तिरे इश्क का अक्श समाया है दिल में


पर लग गए आजकल मेरी मोहब्बत के
तू क्या आ गया है रहने मिरे दिल में


हर पल रहता है इंतजार तिरी सोहबत का
कहीं खो न जाये तू रकीब के दिल में


छू कर इक बार फिर दूर हो गए थे
बस गयी है तिरे होठों की अदा दिल में


आओ चलें वादी-ए-इश्क की सफ़र में हम
बस ज़रा हौसला जुटा लो तुम अपने दिल में


कौन है असरदार ज्यादा बताओ ज़रा
मेरी ग़ज़ल और तुम्हारी आँखों के तिल में


तिरे इश्क का अक्श समाया है दिल में
अभी अभी तेरा ख्याल आया है दिल में

                          --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव


आसां

तेरी  यादें  साथ  होने  से  सफ़र  आसां  होता है
तेरी महक साथ हो तो साँस लेना आसां होता है


              जब-जब  तुम  मेहरबां  होती  हो  मुझ  पे
              जागती आँखों से ख्वाब देखना आसां होता है


               वादे  जब  भी  निभाती  हो  तब
               शब से सहर होना आसां होता है


               मत  बंद  करो  दरवाज़े   मयखाने   के
               इन आँखों से पी के बहकना आसां होता है


               रोजाना आया करो बन संवर के महफ़िल में
               तुझे  देख  परवानों का जलना आसां होता है

तेरी महक साथ हो तो साँस लेना आसां होता है
तेरी  यादें  साथ  होने  से  सफ़र  आसां  होता है
                                 --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव