शनिवार, 17 नवंबर 2012

"छोटी सी मुलाकात अपनी"


छोटी सी मुलाकात अपनी !
थोड़ी सी मधुर बात अपनी !!
           आये तुम मिले तुम  
           प्रेम किये तुम चल दिए तुम 
           बस इतनी सी कथा अपनी 
मिल कर प्यार किये हमने
दो-चार प्रीत की बात किये हमने 
दो पहर संग-संग बैठ लिए हमने
अधरों, कपोलों,अँखियों पर
कानों की लौ, ग्रीवा औ' हथेलिओं पर
कुछ चुम्बन धर लिए हमने
बांहों में सिमटने के मज़े लिए हमने
पति-पत्नी सा सुख लिए हमने
           याद तो आती होंगी तुम्हे भी वो
           हाथों में हाथों का स्पंदन
           सांसों में साँसों का घुलन
           दिल से मिले दिल की धड़कन
           होंठों से होंठों की छुवन   
           कानों पे दांतों की चुभन 
           जिव्हा से वो जिव्हा-चुसन  
याद तो मुझे भी आती है वो
अपने हाथों आइसक्रीम खिलाना तेरा
मेंहदी रची सलोनी हथेलियाँ दिखाना तेरा
रेस्तरां में ही निमंत्रण चुम्बन का देना तेरा
जाते-जाते अदा से बाय करना तेरा
कमर में डाल कर बांहें बैठना तेरा
स्वयं को सुन्दर न मानने का हठ तेरा
           यही है सौगात मोहब्बत की अपनी
           छोटी सी मुलाकात अपनी
संभव नहीं मिलना अब हमारा  
लग गया है प्यार पे पहरा
शिकायत नहीं कोई मुझे तुमसे  
तुम हो मजबूर
मैं भी हूँ मजबूर
चलो चलते हैं अब
एक दूसरे से दूर
तुम अपनी डगर
मैं अपनी डगर
फिर कभी मिले जो हम
फिर प्यार करेंगे हम
अधूरी रह गईं जो इच्छाएं
अतृप्त रह गईं जो तमन्नाएँ 
करेंगे उन्हें पूरा हम
            परन्तु नहीं मिल सके यदि हम
            देखेंगे जब भी पलट कर हम
            एक दूसरे को याद करेंगे हम
           इन दिनों की मधुर यादें
           यौवन के दर्पण में निहारेंगे हम
           गीत जो लिखे हैं हमने प्रीत के
           दिल ही दिल में गुनगुनायेंगे हम
क्या हुआ गर हुई
थोड़ी सी मधुर बात अपनी
छोटी सी मुलाकात अपनी !!
                        ---  संजय स्वरुप श्रीवास्तव 


बात नहीं होती


देख तो लेता हूँ पर बात नहीं होती
अब तो  रूबरू मुलाकात नहीं होती

लग गई हैं बंदिशें उस पे इस कदर   
दिल से दिल की बात नहीं होती 

अजीब तकदीर है मोहब्बत की भी 
लगते ही पहरे बात नहीं होती

ज़िन्दगी तल्ख़ हो चली है उस बिन  
कोशिशों बाद भी बात नहीं होती

कितने तंगदिल हैं दुनियावाले 
सीने में उनके ज़ज्बात नहीं होती

मिलती हैं पल भर को हमारी नज़रें  
इक लम्हे में तो सदियों की बात नहीं होती

जाने कैसा है वो उसका मिजाज़  
जानूँ  कैसे जब बात नहीं होती

आरज़ू है देखता रहूँ उस हसीं शै को
क्या हुआ गर कोई बात नहीं होती 

फोन की हर सदा पे सोचूँ  वही होगी
क्या करूँ फोन पे भी बात नहीं होती

दे कर उसे फिर छीन लिया मुझसे
या रब ये तो कोई सौगात नहीं होती

अब तो  रूबरू मुलाकात नहीं होती
देख तो लेता हूँ पर बात नहीं होती
                            --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

मंगलवार, 16 अक्टूबर 2012

** बदलाव **

इस कदर बदल सकता है कोई सोचा न था
बेहयाई बेवफाई का ऐसा मंज़र देखा न था!
                वो  जो बेचैन रहते थे दीवानों की मानिंद
                बदल जायेंगे मौसम की तरह सोचा न था!
पाक़ मोहब्बत की देने वाले दुहाई 
बदनाम कर जायेंगे इश्क को सोचा न था!
                इक़-ब-इक बदल चुका है सब कुछ
                ये दिन भी आएगा सोचा न था!
दिल से चाहने की सजा होगी ऐसी
ऐ खुदा मेरे लिए तो ये दोजख न था!

               बेहयाई बेवफाई का ऐसा मंज़र देखा न था,
               इस कदर बदल सकता है कोई सोचा न था!!
                                                  --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

सोमवार, 9 जनवरी 2012

मिल गई मनमीत

"****" से हो गई है प्रीत
मिल गई है मुझे मनमीत
                    आया इक झोंका पवन का
                    लाया सौगात मधुबन का
                    बिछा गया गलीचा कलियों का
                    भला कर गया मेरे मन-आँगन का
                    दूर कर गया रीतापन दामन का
कितनी अच्छी है प्रेम की ये रीत
"****" से हो गई है प्रीत ......
                    चलते-चलते जीवन के पथ पर
                    आ मिले हैं उस हसीं से इस मोड़ पर
                    कुछ पल तक जीवन-सफ़र होगी वो
                    कुछ दूर तक संग-संग चलेगी वो
                    बिखेरेगी सुगंध तन-मन की वो
                    एक नवगंध भरेगी जीवन में वो
                    मनमुग्ध करेगी  बतियन से वो
फिर गमक उठे हैं मेरे गीत
"****" से हो गई है प्रीत ......
                    दो पल की है ये प्रीत शायद
                    कुछ दूर का है ये साथ शायद 
                    मोड़ अगला ज़ल्द आयेगा शायद
                    दूर मुझसे उसे ले जायेगा शायद
                    चलना होगा मुझे उसे छोड़ कर 
                    जीवन का है ये सच मान कर 
कितनी अजीब है जीवन की ये रीत 
"****" से हो गई है प्रीत
मिल गई है मुझे मनमीत !!
                             --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव

         
                    

मंगलवार, 20 दिसंबर 2011

आंसू हो गई ज़िन्दगी

क्या सोचा और क्या हो गई ज़िन्दगी
मुस्कान से टपका आँसू हो गई ज़िन्दगी

नींद भरी है आँखों में पर नींद नहीं आती
कडुवाहट भरी नींद हो गई ज़िन्दगी


कहते हैं गुज़रा वक़्त नहीं लौटता कभी
काश फिर शुरू कर पाता गई ज़िन्दगी


पास हो के मेरी नहीं है वो
आह कितना छल गई ज़िन्दगी


सब कुछ लगता है पराया-पराया सा
जो नहीं चाहा था वो हो गई ज़िन्दगी


सज़ावार हूँ गुनाहगार हूँ तेरा मैं
बक्श दे मुझे तनहा ऐ ज़िन्दगी


गुज़रा हुआ कल ख्वाब लगता है इक
सोचता हूँ हाथ बढ़ा छू लूँ तुझे ज़िन्दगी


चैन की नींद सो रहा है वो मेरे बाजू में
इक मैं ही तुझे सोच रहा हूँ ज़िन्दगी 

मुस्कान से टपका आँसू हो गई ज़िन्दगी
क्या सोचा और क्या हो गई ज़िन्दगी
                             --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव 

सोमवार, 19 दिसंबर 2011

क्या से क्या

ज़िन्दगी क्या से क्या हो गई है
ये तो उसकी तरह बेवफा हो गई है

सोचा था फूलों की तरह महकेगी ज़िन्दगी
ये क्या हुआ ये तो इक जेलखाना हो गई है

हर तरफ उदासियों औ' सन्नाटे का आलम है
ज़िन्दगी कितनी बदमज़ा हो गई है

अपनी करतूतों की सजा भुगत रहा हूँ
ज़िन्दगी तो अब ज़हन्नुम हो  गई है

वो आज मेरे पहलू में मौजूद है मगर 
हमारे दरमियाँ  कितनी दूरियाँ हो गई हैं

अबसे पहले तो ऐसा कभी न हुआ था
हमारी ख़ामोशी कितनी लम्बी हो गई है

ये तो उसकी तरह बेवफा हो गई है
ज़िन्दगी क्या से क्या हो गई है
                     --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव






शनिवार, 10 दिसंबर 2011

दिल में ज़ज्ब

हर गम को दिल में ज़ज्ब करता चला गया
उसकी खातिर खुद को मारता चला गया

बेवफाई कर के उसका दावा इश्क है मुझी से
इस फरेब पर भी यकीन करता चला गया


किससे कहूँ अपनी बातें हल्का करूँ दुःख कैसे 
अपनी गजलों को हमराज़ बनाता चला गया


कितनी आरजुएँ कितनी उमंगें थी दिल में
उसकी बेवफाई में सब डूबता चला गया


मेरे ही दिल की टूटी किरचें पड़ी हैं राहों में
इनसे बचने की कोशिशें करता चला गया


उसने मुझे नहीं किसी और को चाहा किया
अपने आहत मन को सहलाता चला गया 

उसकी खातिर खुद को मारता चला गया
हर गम को दिल में ज़ज्ब करता चला गया
                                  --- संजय स्वरुप श्रीवास्तव